Looking For Anything Specific?

ads header

भोले भाले रैगर समाज का नेतृत्वकर्ताओं से सवाल? क्या समाज केवल वोट बैंक है ?

 


आगामी 25 दिसंबर 2026 को होने वाले अखिल भारतीय रैगर महासभा के आम चुनाव से पहले मतदाताओं  के सुर बुलंद

दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस, (रघुबीर सिंह गाड़ेगाँवलिया) । अखिल भारतीय रैगर महासभा का चुनाव नेतृत्व चुनने के लिए होता है, लेकिन हकीकत यह है कि रैगर समाज के मतदाता केवल एक वोट बैंक बनकर रह गए हैं, जो तीन साल बाद चुनाव में केवल वोट देने के लिए याद किए जाते हैं।

इस बार चुनाव से पहले समाज के भीतर से ही नेतृत्व पर सबसे तीखे सवाल उठ रहे हैं।

धर्मगुरुओं के नाम पर राजनीति?

धर्मगुरु स्वामी ज्ञान स्वरूप जी महाराज व त्यागमूर्ति स्वामी आत्माराम लक्ष्य जी के नाम पर ओछी सामाजिक राजनीति करने वाले महासभा के नेतृत्व करने वालों से सवाल है कि जब समाज के लोगों पर कोई अत्याचार या अन्याय होता है, उस समय नेतृत्वकर्ता नदारद क्यों हो जाते हैं? कोई प्रतिरोध के लिए आगे क्यों नहीं आता?

असहाय समाज के लोग चारों दिशाओं में अपने नेतृत्वकर्ताओं को ढूंढते हैं, मगर निराशा ही हाथ लगती है।

25 दिसंबर 2026 - फिर वही चाय-पानी और पगड़ी?

आगामी 25 दिसंबर 2026 को होने वाले अखिल भारतीय रैगर महासभा के आम चुनाव में सभी भावी अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अपने-अपने पैनल के लिए समर्थन जुटाने के लिए जगह-जगह घूम रहे हैं, बैठकें कर रहे हैं, और ऐसे विषयों पर चर्चाएं भी कर रहे हैं जिनमें उनको कुछ ना करना पड़े। चाय-पानी पिए, पगड़ी बंधवाई और लुभावने वादे कर वोट का प्रबंध कर रहे हैं।

भोले-भाले रैगर समाज के वोट बैंक के मतदाता इन लुभावने वादों पर तालियां बजाकर अपने मत का उपयोग कर देते हैं और ये अगले तीन साल समाजहित में कुछ नहीं करते।

कुशालचंद्र एडवोकेट ने क्या लिखा?

कुशालचंद्र एडवोकेट ने फेसबुक पर लिखा है कि –

"अखिल भारतीय रैगर महासभा के चुनाव में अच्छे उम्मीदवार को सूचीबद्ध किया जाए और उनका वरिष्ठ समाजसेवी कार्यकर्ताओं / सोशल एक्टिविस्ट द्वारा पब्लिक डोमेन में प्रचार-प्रसार किया जाय ताकि समाज को अच्छे नेतृत्वकर्ता मिले, अन्यथा ऐसा ना हो कि एक चमचा सीट से उतरे और उस पर अपने दूसरे चमचे को बैठाकर चला जाए और समाज ठगा सा बाद में महसूस करे।"

हंसराज रैगर का 11 नवंबर का पोस्ट

रैगर समाज के हंसराज रैगर ने 11 नवंबर को फेसबुक पर लिखा है कि –

"कुछ लोगों को पता ही नहीं है अखिल भारतीय रैगर महासभा कब बनी, क्या काम किया उन्होंने। अभी जो वर्तमान में रैगर समाज की स्थिति है, उन्होंने केवल राजनीतिक फंडा बना रखा है। उनको समाज के विकास से कोई मतलब नहीं है और आज आपस में समाज में गुटबाजी, स्वयं कुछ काम नहीं है।"

धर्मदास शास्त्री जी के बाद दोहन ही हुआ?

समाज के लोग कहते हैं कि श्री धर्मदास शास्त्री जी के निधन के बाद आज तक समाज के नेताओं ने अपने आप को प्रचारित कर समाज का दोहन ही किया है। भोले-भाले रैगर समाज को मोहरा बनाकर अपनी नैया पार करने का माध्यम बनाने के अलावा कुछ नहीं किया।

समाज में हत्या-बलात्कार जैसे मुद्दों पर समाज के नेताओं द्वारा चुप्पी साध लेना इस बात का सीधा-सादा सबूत है।

कुछ नेता व्हाट्सएप के माध्यम से जन्मदिन, मरण दिन, शुभ दिन, जयंतियों की बधाई में ही जिंदा हैं, क्योंकि उनके पास ना तो नीति है न ही नियत। कभी-कभी ऐसा भी लगता है कि समाज भी इसी बात से खुश है, ठगे जाने की वजह से भगवान भरोसे जीने को आदी हो गया है।

समाज को कैसा अध्यक्ष चाहिए?

समाज को ऐसे अध्यक्ष की आवश्यकता नहीं है जो पार्टी विशेष की मानसिकता रखता हो। राजनीतिक पार्टियों के लोग तो खुद उनके दरवाजे पर आ जाते, यदि वह सिर्फ समाज हित की बात करें।ऐसा भी नहीं है कि यह काम असंभव है, असंभव जब तक है जब तक बगावत के सुर बुलंद नहीं होते। समाज के नेतृत्वकर्ताओं की समाज के प्रति ईमानदारी से निष्ठा होनी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments