Looking For Anything Specific?

ads header

किसी बडे अधिकारी की पद, प्रतिष्ठा और सत्ता समाप्त होने पर, उस की स्थिति बदल जाती है।

 


दिल्ली, समाजहित एक्सप्रेस, (रघुबीर सिंह गाड़ेगाँवलिया) । अभी हाल ही में सोशल मीडिया पर मेरे अनुज भ्राताश्री हनुमान आज़ाद जी द्वारा दिवाली पर लिखा हुआ एक लेख पढ़ने को मिला, वही मैं समाजहित एक्सप्रेस न्यूज़ के माध्यम से आप तक प्रेषित कर रहा हूँ ।

एक शहर में एक कुम्हार रहता था उसके पास एक गधा था। कुम्हार त्योंहारों के समय पर गधा गाड़ी पर देवी-देवताओं की मूर्तियां को लादकर बेचने के लिए बाजार लेकर जा रहा था। रास्ते में जब वे गांवों से गुजरते, तो लोगो की भीड़ उन मूर्तियों के सामने सिर झुकाते और पूजा-अर्चना के लिए खरीद कर ले जाते। यह देखकर गधे को लगने लगा कि लोग उसे प्रणाम कर रहे हैं। वह इस सम्मान और आदर से बहुत प्रसन्न और गर्वित होने लगा।

कुम्हार मूर्तियों को बाजार में बेचकर, बाद में घर वापसी के समय कुम्हार ने गधा गाड़ी पर घर की जरुरत का सामान और सब्जियों की बोरियां लाद दीं और गाड़ी पर बैठकर दोनों घर को वापस चल पड़े। इस बार रास्ते में न तो कोई भीड़ देखने को मिली और ना ही किसी ने गधा गाड़ी की ओर ध्यान दिया।

यह देखकर वह अज्ञानी प्राणी गधा बहुत निराश हो गया। लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए वह जोर जोर से बार-बार रेंकने लगा। लोग उसकी आवाज से परेशान हो गए और उसके मालिक ने भी उसे मारना शुरू कर दिया। गधे को समझ में नहीं आया कि आखिर उसने ऐसा क्या कर दिया, जिसकी वजह से उसके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है!

यह कहानी पढ़कर एक अधिकारी को अचानक एक गहरी सीख मिली, और उसे अहसास हुआ कि वास्तव में अब तक मैं भी उसी गधे की तरह था। जो मान-सम्मान, आदर और उपहार मुझे मिलते थे, वे मेरे लिए नहीं, बल्कि मेरी पीठ पर लदी उस पदरूपी मूर्ति के लिए थे, जिस पर मैं बैठा हुआ था।

उसने लिखा था कि सेवानिवृत्ति के बाद यह मेरी पहली दिवाली थी। नौकरी के दौरान दिवाली से एक सप्ताह पहले ही लोग तरह-तरह के उपहार लेकर आने शुरू हो जाते थे। उपहार इतने अधिक आते थे कि जिस कमरे में सामान रखा जाता था, वह कमरा किसी दुकान जैसा दिखाई देने लगता था। सूखे मेवे इतने आते थे कि रिश्तेदारों, मित्रों और नौकरों में बांटने के बाद भी काफी सामान बच जाता था। लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद इस बार दोपहर के दो बज चुके थे, फिर भी कोई हमें दिवाली की शुभकामनाएं देने नहीं आया था।

लोगों के इस बदले हुए व्यवहार से मुझे बहुत आश्चर्य हुआ। इस मानसिक स्थिति से बाहर निकलने के लिए मैंने एक अखबार में प्रकाशित कॉलम पढ़ना शुरू किया। सौभाग्य से उसमें मुझे गधे की एक रोचक कहानी पढ़ने को मिली।

जब उस अधिकारी को इस सच्चाई का एहसास हुआ, तो उसने लोगों का इंतजार करने के बजाय अपनी पत्नी के साथ दिवाली मनाने का फैसला किया। लेकिन इतने वर्षों बाद अब वह भी उसके साथ दिवाली मनाने के मूड में नहीं थी।

पत्नी ने उस से कहा: "जब मैं इतने वर्षों से आपको समझा रही थी कि आप गधे के अलावा कुछ नहीं हैं, तब आपने कभी मेरी बात नहीं मानी। लेकिन आज अखबार में छपी एक कहानी ने आपको सच्चाई समझा दी!"

इसलिए जब भी आप किसी पद पर हों, तो अपने पद, प्रतिष्ठा और अधिकारों का अहंकार छोड़कर मित्रों, रिश्तेदारों और समाज के परिचित लोगों के साथ विनम्रता से रहना सीखें। अपने सहकर्मियों का सम्मान करना सीखें। अन्यथा पद से हटने के बाद आपकी स्थिति भी उसी गधे जैसी हो सकती है।

कहानी का सार :

जब कोई व्यक्ति नौकरी में किसी ऊंचे पद पर होता है, राजनीतिक सत्ता या राजनीतिक संगठन में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी प्राप्त करता है अथवा किसी सामाजिक, शैक्षणिक या सहकारी संस्था में उच्च पद पर पहुंचता है, तो कई बार उसे उसकी वास्तविक योग्यता से अधिक मान-सम्मान मिलने लगता है।

कार्यक्रमों में अध्यक्षता करने और मुख्य अतिथि बनने के अवसर मिलते हैं। स्वागत और सम्मान से व्यक्ति फूलकर अहंकार में डूब जाता है। कभी-कभी अवसर मिलने पर वह लोगों को धमकाता है, उनका अपमान करता है और अपने आसपास चापलूसों तथा खुशामद करने वालों की भीड़ इकट्ठा कर लेता है। ऐसे लोग प्रतिभाशाली और योग्य व्यक्तियों की उपेक्षा करते हैं तथा उन्हें परेशान भी करते हैं।

लेकिन जब वे सेवानिवृत्त हो जाते हैं या उनका पद, प्रतिष्ठा और सत्ता समाप्त हो जाती है, तब अक्सर उनकी स्थिति बदल जाती है। वे अकेलापन और खालीपन महसूस करने लगते हैं। अपने अहंकार और व्यवहार के कारण आत्मग्लानि का अनुभव करते हैं।

जीवन में कभी उनसे सताए गए या उनके गलत व्यवहार का शिकार हुए लोगों से सामना हो जाए, तो वे भी उन्हें उनके पुराने व्यवहार का एहसास कराने का अवसर नहीं छोड़ते। ऐसे लोगों के प्रति मन में सम्मान के बजाय नफरत दिखाई देती है। पद चले जाने के बाद कई लोग उनकी बुराई करने से भी पीछे नहीं हटते।

Post a Comment

0 Comments